
बेमेतरा। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट कन्या शाला, बेमेतरा में “भारतीय ऊर्जा परिदृश्य–2047” विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड नोडल सूर्य प्रकाश साहू एवं लक्ष्मीणी साहू के मार्गदर्शन में किया गया।

संगोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों में ऊर्जा के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा भारत के ऊर्जा क्षेत्र के वर्तमान परिदृश्य, भविष्य की संभावनाओं, ऊर्जा संरक्षण और नवीकरणीय ऊर्जा के महत्व से परिचित कराना था। प्रतिभागियों ने सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, जल विद्युत, हरित हाइड्रोजन, इलेक्ट्रिक वाहन, ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने वर्ष 2047 तक भारत की ऊर्जा आवश्यकताओं, स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार तथा विकसित भारत के निर्माण में ऊर्जा की भूमिका पर प्रभावी प्रस्तुतीकरण दिया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान डोमेश्वरी सोनी, द्वितीय स्थान पीयूष कुमार साहू तथा तृतीय स्थान काजल साहू, ललिता साहू एवं सुमन साहू ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में दुर्गा सोनी, ज्योति श्रीवास्तव एवं देवेंद्र कुमार साहू शामिल रहे। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों के विषय-ज्ञान, प्रस्तुतीकरण, तार्किक अभिव्यक्ति एवं विषय की समझ के आधार पर मूल्यांकन किया गया।
कार्यक्रम में ऊर्जा संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि भारत के उज्ज्वल एवं आत्मनिर्भर भविष्य के लिए ऊर्जा सुरक्षा, ऊर्जा दक्षता और नवीकरणीय ऊर्जा का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। संगोष्ठी ने विद्यार्थियों में ऊर्जा एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया।