शिक्षक देवेन्द्र साहू ने सिंघौरी स्कूल में गणित-विज्ञान क्लब के लिए ‘विज्ञान प्रगति’ मासिक पत्रिका भेंट किया

सिंघौरी। शासकीय माध्यमिक शाला सिंघौरी में विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा गणित एवं विज्ञान विषयों के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से देवेन्द्र कुमार साहू द्वारा विद्यालय के गणित-विज्ञान क्लब के लिए ‘विज्ञान प्रगति’ मासिक पत्रिका भेंट की गई। यह पत्रिका हर महीने स्कूल में आएगी।
‘विज्ञान प्रगति’ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से संबंधित ज्ञानवर्धक जानकारियों को सरल एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत करने वाली मासिक पत्रिका है। इसके नियमित अध्ययन से विद्यार्थियों को विज्ञान के नवीन आविष्कारों, वैज्ञानिक खोजों, तकनीकी विकास तथा विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
विद्यालय के गणित-विज्ञान क्लब के माध्यम से इस पत्रिका का उपयोग विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक चिंतन, रचनात्मकता एवं खोजपरक प्रवृत्ति विकसित करने के लिए किया जाएगा। साथ ही, विद्यार्थी पत्रिका में प्रकाशित उपयोगी जानकारियों को पढ़कर अपने ज्ञान में वृद्धि कर सकेंगे तथा विज्ञान से संबंधित प्रश्नों, चर्चाओं एवं गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर सकेंगे।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों के ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं समसामयिक वैज्ञानिक जानकारी से जोड़ना है। ऐसी शैक्षिक पहल विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने और विज्ञान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण निर्माण में सहायक सिद्ध हो सकती है।
विद्यालय परिवार ने इस ज्ञानवर्धक पहल को विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास की दिशा में उपयोगी कदम बताया। इस दौरान स्कूल में संस्था प्रमुख सरस्वती साहू सहित रामगोपाल चंद्राकर, सरिता बंजारे, राजेश गायकवाड़, प्रतिभा, दीपिका साहू,नुतेश्वर चंद्राकर ,प्रशांत बघेल, किरण खरे,विनीता श्रीवास,पूजा मानिकपुरी एंव बीएड और डीएड कॉलेज के छात्राध्यापक भी उपस्थित रहे।